भक्त मंडली

बुधवार, 19 सितंबर 2012

पितृ सत्ता के समक्ष लो राम गया हार !


sabhar google se 
भूतल  में  समाई  सिया  उर कर रहा धिक्कार 
पितृ सत्ता के समक्ष लो  राम गया  हार   !

देवी अहिल्या को लौटाया नारी  का सम्मान  
अपनी  सिया का साथ न दे  पाया किन्तु  राम
है वज्र सम ह्रदय मेरा करता हूँ मैं स्वीकार !
पितृ सत्ता के समक्ष  ........

वध किया  अनाचारी का बालि हो या  रावण 
नारी को मिले मान बस था यही कारण 
पर दिला पाया कहाँ सीता को ये अधिकार !
पितृ सत्ता के समक्ष .......
नारी नर समान है ;  वस्तु नहीं नारी 
एक पत्नी व्रत लिया इसीलिए  भारी 
पर तोड़ नहीं पाया पितृ सत्ता की दीवार !
पितृ सत्ता के समक्ष .....

अग्नि-परीक्षा सीता की अपराध था घनघोर 
अपवाद न उठे कोई इस बात पर था जोर 
फिर  भी  लगे सिया पर आरोप निराधार !
पितृ सत्ता के समक्ष लो राम गया हार !!

                           शिखा कौशिक 

रविवार, 9 सितंबर 2012

मानस के रचनाकार में भी पुरुष अहम् भारी

Stamp on Tulsidas

सात कांड में रची तुलसी ने ' मानस '  ;
आठवाँ लिखने का क्यों कर न सके साहस ?

आठवे में लिखा  जाता  सिया  का विद्रोह  ;
पर त्यागते  कैसे  श्री राम यश का मोह ?

लिखते अगर तुलसी सिया का वनवास ;
घटती राम-महिमा उनको था विश्वास .

अग्नि परीक्षा और शुचिता प्रमाणन  ;
पूर्ण कहाँ इनके बिना होती है रामायण ?

 आदिकवि  सम  देते  जानकी  का  साथ ;
अन्याय को अन्याय कहना है नहीं अपराध . 

लिखा कहीं जगजननी कहीं  अधम नारी ;
मानस के रचनाकार में भी पुरुष अहम् भारी .

तुमको दिखाया पथ वो  भी  थी एक नारी ;
फिर कैसे लिखा तुमने ये ताड़न की अधिकारी !

एक बार तो वैदेही की पीड़ा को देते स्वर ;
विस्मित हूँ क्यों सिल गए तुलसी तेरे अधर !

युगदृष्टा -लोकनायक गर ऐसे रहे मौन ;
शोषित का साथ देने को हो अग्रसर कौन ?

भूतल में क्यूँ समाई  सिया करते स्वयं मंथन ;
रच काण्ड आँठवा करते सिया का वंदन .  

चूक गए त्रुटि शोधन  होगा नहीं कदापि ;
जो सत्य न लिख पाए वो लेखनी हैं पापी .


हम लिखेंगे सिया  के विद्रोह  की  कहानी ;
लेखन में नहीं चल सकेगी पुरुष की मनमानी !!

                                  शिखा कौशिक 'नूतन'